राज्य सरकार ने रद्द किये आज होने वाले सभी राजकीय कार्यक्रम
मुंबई : महाराष्ट्र सरकार ने प्रतिष्ठित व्यवसायी और परोपकारी रतन टाटा का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया है, जिनका बुधवार को निधन हो गया।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि रतन टाटा का पुरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं, उनका पार्थिव शरीर जनता के अंतिम दर्शन के लिए गुरुवार सुबह 10 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स में रखा जाएगा। इस बीच राज्य सरकार ने भी सभी राजकीय कार्यक्रम रद्द कर दिये हैं।
जानकारी के मुताबिक, “रतन टाटा के पार्थिव शरीर को जनता के अंतिम दर्शन और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देने के लिए गुरुवार, 10 अक्टूबर 2024 को सुबह 10:30 बजे एनसीपीए लॉन, नरीमन पॉइंट, मुंबई ले जाया जाएगा।” जहाँ से उनका पार्थिव शरीर वर्ली श्मशान घाट, डॉ. ई. मोसेस रोड, वर्ली के प्रार्थना कक्ष तक अपनी अंतिम यात्रा पर निकलेगा।
सरकार की ओर से अमित शाह होंगे शामिल
केंद्र सरकार के कई मंत्रियों ने मशहूर उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर शोक जताया। अब सरकार की ओर से गृह मंत्री अमित शाह रतन टाटा के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। उनके शव को मुंबई में NCPA में रखा जाएगा। पुलिस ने लोगों को निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है।
दो दिन पहले ही बताया था सब ठीक है
अस्पताल में भर्ती होने के तुरंत बाद, टाटा ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा कि उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है और वह उम्र संबंधी बीमारियों के लिए जांच करवा रहे हैं।महाराष्ट्र सरकार ने उद्योगपति रतन टाटा को श्रद्धांजलि देने के लिए गुरुवार को राज्य में शोक दिवस घोषित किया है।