यूपीसीए की पूरी तैयारी, दर्शकों के लिए विशेष इंतजाम
लखनऊ संवाददाता : अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में 17 जून को होने वाले भारत और अफगानिस्तान के बीच एकदिवसीय मुकाबले की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार को स्टेडियम में आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के पदाधिकारियों ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
यूपीसीए के अनुसार दोनों टीमें 15 जून को चार्टर्ड विमान से लखनऊ पहुंचेंगी, जबकि 16 जून को स्टेडियम में अभ्यास सत्र आयोजित किया जाएगा। मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
दर्शकों के लिए विशेष इंतजाम
भीषण गर्मी को देखते हुए यूपीसीए ने दर्शकों के लिए विशेष सुविधाओं की व्यवस्था की है। एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि मैच देखने आने वाले दर्शकों को नि:शुल्क ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। अनुमानित दर्शक संख्या को ध्यान में रखते हुए प्रति दर्शक औसतन 15 गिलास ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है, ताकि गर्मी के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
टिकट बिक्री शुरू, जानिए कीमतें
यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला ने बताया कि मैच के टिकटों की बिक्री शुरू हो चुकी है। सामान्य दर्शकों के लिए टिकट 599 रुपये से शुरू होकर 699, 799 और 1000 रुपये तक उपलब्ध हैं। इन टिकटों पर 18 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त देय होगा। वहीं, प्रीमियम और वीआईपी स्टैंड के टिकटों की कीमत 5000 रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक निर्धारित की गई है।
विराट बाहर, रोहित पर संशय
मुकाबले से पहले क्रिकेट प्रेमियों को झटका भी लगा है। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली चोट के कारण आगामी वनडे श्रृंखला से बाहर हो गए हैं। वहीं, कप्तान रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर भी संशय बना हुआ है। आईपीएल के दौरान चोटिल हुए रोहित शर्मा के खेलने पर अंतिम फैसला उनकी मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद लिया जाएगा। माना जा रहा है कि दोनों दिग्गज खिलाड़ियों की अनुपस्थिति का असर टिकट बिक्री पर पड़ सकता है। यूपीसीए को उम्मीद है कि भारत-अफगानिस्तान के बीच होने वाला यह मुकाबला लखनऊ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार साबित होगा।























