कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि रहेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
लखनऊ,संवाददाता : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश हरित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। 5 जून को लखनऊ छावनी स्थित दिलकुशा लॉन में आयोजित “बायोयुग ग्रीन कमांड-2026” कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश में पारंपरिक प्लास्टिक के विकल्प के रूप में बायोप्लास्टिक को बढ़ावा देने के लिए व्यापक अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
यह कार्यक्रम बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड (बीसीएमएल) और लखनऊ कैंटोनमेंट बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसे प्रदेश में सर्कुलर इकोनॉमी और हरित औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है। योगी सरकार पहले ही उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख एथेनॉल हब बनाने की दिशा में कार्यरत है और अब गन्ना आधारित उद्योगों से जुड़े नवाचारों को पर्यावरण संरक्षण एवं टिकाऊ विकास से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
कार्यक्रम में नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, रक्षा क्षेत्र के अधिकारियों, शोध संस्थानों और पर्यावरण विशेषज्ञों की सहभागिता होगी। इस दौरान बायोप्लास्टिक के उत्पादन, निवेश, बाजार विस्तार और उपयोग को बढ़ावा देने के लिए रणनीतिक चर्चाएं आयोजित की जाएंगी।
निवेश और उद्योग विकास पर मंथन
कार्यक्रम की पहली उच्चस्तरीय पैनल चर्चा “मैंडेट टू मार्केट : अनलॉकिंग द बायोप्लास्टिक्स वैल्यू चेन इन उत्तर प्रदेश” विषय पर केंद्रित होगी। इसमें राज्य में बायोप्लास्टिक उद्योग के विकास, निवेश की संभावनाओं तथा सरकारी सहयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
रक्षा क्षेत्र में बढ़ेगा बायोप्लास्टिक का उपयोग
दूसरी पैनल चर्चा “फ्रॉम मेस टू मिशन : बायोप्लास्टिक्स फॉर डिफेंस” विषय पर आयोजित होगी। इसमें रक्षा प्रतिष्ठानों में बायोप्लास्टिक के उपयोग, अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरणीय लाभ और सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में इसकी भूमिका पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। यह पहल उत्तर प्रदेश को हरित औद्योगिक विकास, पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।






















