72 घंटे के भीतर पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोचा, पहले दो जा चुके हैं जेल
बलरामपुर, संवाददाता : जिले के सादुल्लाह नगर थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बालक के साथ दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को पुलिस ने गुरुवार देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी पुलिस अभिरक्षा में है।
जानकारी के अनुसार, सादुल्लाह नगर क्षेत्र के एक गांव का 12 वर्षीय बालक जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया था। आरोप है कि कुछ लोगों ने उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाने का लालच देकर जंगल की ओर ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती की। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर घर पहुंचे बालक ने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटना की पुष्टि होने पर पुलिस ने दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि तीसरा आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई थीं। पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात संदिग्ध की घेराबंदी की गई। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल तिवारी ने बताया कि मामले के दो आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।





















