स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में वैलरस एकेडमी के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
लखनऊ, संवाददाता : राजधानी में आयोजित दो दिवसीय स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में वैलरस एकेडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। 16 और 17 मई को ऐशबाग स्थित महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में एकेडमी के सात खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में ग्रीन बेल्ट धारक आराध्या मिश्रा ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। फाइनल मुकाबले के दौरान आराध्या के दाहिने पैर में चोट लग गई, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और दर्द के बावजूद मुकाबला पूरा कर प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनके इस जज्बे और खेल भावना की दर्शकों तथा प्रशिक्षकों ने जमकर सराहना की।
इसके अलावा देवेन्द्र और ऋद्धि ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीते। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आयोजन समिति और एकेडमी की ओर से सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों की सफलता से अभिभावकों और प्रशिक्षकों में खुशी का माहौल है। एकेडमी के प्रशिक्षकों ने कहा कि खिलाड़ियों की लगातार मेहनत, अनुशासन और समर्पण का ही परिणाम है कि वे प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
आराध्या ने क्या कहा :
“फाइट के दौरान पैर में चोट लगने के बाद थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन मेरा लक्ष्य गोल्ड जीतना था। मैंने हिम्मत नहीं हारी और पूरा मुकाबला खेला। यह जीत मेरे कोच और परिवार के सहयोग की वजह से मिली है।”
— आराध्या मिश्रा






















