ओडिशा तट से DRDO ने किया लॉन्च, ICBM क्षमता वाले चुनिंदा देशों की सूची में शामिल होने की ओर भारत
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने शुक्रवार शाम ओडिशा तट से परमाणु-सक्षम अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) का परीक्षण किया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह परीक्षण अग्नि-6 मिसाइल जैसा नहीं दिखता, लेकिन परीक्षण की गई मिसाइल ICBM श्रेणी की बताई जा रही है। हालांकि DRDO की ओर से अभी तक इस परीक्षण को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
ICBM तकनीक वाले चुनिंदा देशों में शामिल हो सकता है भारत
वर्तमान में केवल अमेरिका, रूस, चीन और उत्तर कोरिया के पास 12,000 किलोमीटर से अधिक रेंज वाली ICBM तकनीक मौजूद है। वहीं फ्रांस और ब्रिटेन के पास परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम पनडुब्बी-लॉन्च बैलिस्टिक मिसाइल (SLBM) तकनीक उपलब्ध है। यदि भारत पूर्ण रूप से ICBM क्षमता हासिल कर लेता है, तो उसकी मिसाइलों की मारक क्षमता दुनिया के कई देशों तक पहुंच सकेगी। रक्षा विशेषज्ञ इसे भारत की सामरिक शक्ति में बड़ा कदम मान रहे हैं।
समीर वी कामत ने दिए थे संकेत
कुछ दिन पहले एक रक्षा सम्मेलन के दौरान DRDO प्रमुख समीर वी कामत ने अग्नि-6 परियोजना को लेकर कहा था कि सरकार से अनुमति मिलते ही संगठन आगे बढ़ने के लिए तैयार है और सभी तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। माना जा रहा है कि हालिया परीक्षण भारत की लंबी दूरी की रणनीतिक मिसाइल क्षमता को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।






















