बोले— यूपी में नहीं चलेगा ‘बंगाल फार्मूला’, जनता लोकतंत्र की रक्षा के लिए तैयार
मुरादाबाद,संवाददाता : नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने भाजपा और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में “बंगाल फार्मूला” नहीं चलने दिया जाएगा। मुरादाबाद के रामगंगा विहार स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा ने चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर चुनावी जीत हासिल की, लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता ऐसी किसी कोशिश को सफल नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है और यदि बंगाल जैसी स्थिति पैदा करने का प्रयास हुआ तो लोग सड़कों पर उतरकर विरोध करेंगे। नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारों पर काम कर रहा है। हालांकि उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश की जनता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पूरी तरह जागरूक है।
आजम खान को बताया बड़ा नेता
पूर्व सांसद आजम खान को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि आजम खान पार्टी के बड़े नेता हैं और उनकी बराबरी कोई नहीं कर सकता। उन्होंने पार्टी में गुटबाजी की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह एकजुट है और सभी नेता मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
महिलाओं की सुरक्षा पर किया दावा
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं को सबसे अधिक सम्मान और सुरक्षा दी जाएगी। उन्होंने मुरादाबाद को समाजवादी पार्टी का मजबूत गढ़ बताते हुए दावा किया कि जिले की सभी सीटों पर सपा जीत दर्ज करेगी।























