“481 अंक के साथ आदित्य बने बिहार टॉपर, डॉक्टर बनने का सपना”
समस्तीपुर,संवाददाता : जिले के दलसिंहसराय प्रखंड अंतर्गत पाड़ गांव स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र आदित्य प्रकाश अमन ने बिहार इंटरमीडिएट बोर्ड की साइंस परीक्षा में 481 अंक प्राप्त कर पूरे राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे जिले में खुशी की लहर है। अपनी सफलता पर आदित्य ने कहा कि वह इसका श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देते हैं, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से यह मुकाम हासिल हुआ। उन्होंने बताया कि उनका सपना आगे चलकर डॉक्टर बनने का है।
आदित्य की माँ रिंकू कुमारी ने बताया कि उनका बेटा बचपन से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी रहा है। उन्होंने गर्व जताते हुए कहा कि यह पूरे परिवार के लिए बेहद खुशी और सम्मान का क्षण है। आदित्य के पिता हरेंद्र कुमार दलसिंहसराय प्रखंड के सलखन्नी प्राथमिक कन्या विद्यालय में सरकारी शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। बेटे की इस सफलता पर उन्होंने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मेहनत और अनुशासन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।























