मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान’ के तहत केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी, किसान हित में उठाई आवाज
लम्भुआ (सुल्तानपुर): मनरेगा की पुनः बहाली की मांग को लेकर “मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान” के अंतर्गत लम्भुआ क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध पदयात्रा निकाली। यह पदयात्रा परशरामपुर से शुरू होकर लम्भुआ नगर पंचायत के विभिन्न मोहल्लों से गुजरते हुए हनुमान नगर स्थित राधा मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रभान सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने किया। पदयात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और किसान हित में अपनी आवाज बुलंद की।
कांग्रेस यूथ के जिला अध्यक्ष संतोष वर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक संबंधित कानून वापस नहीं लिया जाता, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान भाजपा द्वारा लाई गई “विकसित भारत जी रामजी योजना” का भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। कार्यक्रम में स्थानीय पदाधिकारी ओम प्रकाश चौटाला, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी ओम प्रकाश सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।























