दिल्ली-एनसीआर से बिहार तक घना कोहरा, दृश्यता लगभग शून्य

लखनऊ,संवाददाता : उत्तर भारत इन दिनों भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर बिहार तक फैली पूरी पट्टी को घने कोहरे ने ढक लिया है, जिससे सड़कों पर दृश्यता लगभग शून्य हो गई है। सुबह के समय शहर बादलों में लिपटे नजर आ रहे हैं। हिमालय से आ रही सर्द हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के 21 प्रमुख शहरों में गंभीर शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इनमें उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, रायबरेली, बिजनौर, आगरा, टुंडला और मुजफ्फरनगर शामिल हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भी ठंड का असर बना रहेगा। वहीं, कोलकाता में मंगलवार को जनवरी माह का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली का हाल

राजधानी दिल्ली में 7 जनवरी को सुबह से दोपहर 11 बजे तक खतरनाक शीतलहर की आशंका जताई गई है। न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
पंजाब और हरियाणा में सर्द हवाएं
पंजाब के गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, फरीदकोट, मोगा और बठिंडा जिलों में सुबह के समय 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। वहीं हरियाणा के गुरुग्राम, सोनीपत और पानीपत में भी घने कोहरे और शीतलहर का असर देखा जा रहा है।

बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। इन क्षेत्रों में बारिश के चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। उधर, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में हालिया बारिश के बाद फिलहाल उत्तर भारत में किसी बड़ी वर्षा की संभावना नहीं है।

























