सीताकुंड धाम में 13 लाख की लागत से हाई मास्ट लाइट का लोकार्पण
सुल्तानपुर,संवाददाता : गोमती मित्र मंडल द्वारा संचालित स्वच्छता जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम अब जनपद ही नहीं, बल्कि प्रदेश और प्रदेश के बाहर भी जन आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। यह विचार राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सीताकुंड धाम आगमन के दौरान व्यक्त किए।
गोमती मित्र मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मदन सिंह के निवेदन पर सांसद निधि से 13 लाख रुपये की लागत से सीताकुंड धाम में स्थापित कराई गई दो हाई मास्ट लाइटों के लोकार्पण के अवसर पर संजय सिंह ने कहा कि भविष्य में वह अपनी निधि एवं जन सहयोग से यहां पक्का घाट और सीढ़ियों का निर्माण भी कराएंगे। अपने भव्य स्वागत एवं सम्मान से अभिभूत सांसद संजय सिंह ने कहा कि अपने गृह जनपद में इस प्रकार का सम्मान मिलना उनके लिए अत्यंत गौरव की बात है।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष मदन सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि एक निवेदन पर किए गए इस कार्य से पूरा सीताकुंड धाम अब दूधिया रोशनी से जगमगा उठा है, जिससे श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में आजाद समाज सेवा समिति के अध्यक्ष अशोक सिंह, गोमती मित्र मंडल के संरक्षक रतन कसौधन, प्रदेश अध्यक्ष मदन सिंह सहित मंडल के सभी पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।
























