मंदिरों में पूजा-अर्चना कर लोगों ने मांगी सुख-समृद्धि की कामना
अमेठी, संवाददाता : खट्टी-मीठी यादों के साथ वर्ष 2025 विदा हो गया। खुशियों और गमों से भरे इस वर्ष को लोगों ने उल्लास के साथ विदाई दी। बुधवार देर रात तक नववर्ष के स्वागत का उत्सव चलता रहा, जिसमें युवाओं का उत्साह देखते ही बनता था।
बृहस्पतिवार सुबह वर्ष 2026 के आगमन पर अयोध्या-प्रयागराज मार्ग स्थित दुर्गापुर कस्बे में शिव मंदिर में हवन-पूजन कर नए वर्ष का स्वागत किया गया। बाजारवासियों एवं श्रद्धालुओं ने मंदिर में भगवान शिव का पूजन कर आने वाले वर्ष को सुख-समृद्धि एवं मंगलमय बनाने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर मनोज कुमार बरनवाल, रोहित एवं सुशील कसौधन सहित अन्य युवाओं ने अपने साथियों के साथ मंदिर परिसर में प्रसाद का वितरण किया। बच्चों ने भी अपने मित्रों को उपहार भेंट कर खुशियां साझा कीं।

नववर्ष के उपलक्ष्य में दुर्गापुर कस्बे स्थित रमेश स्वीट हाउस रेस्टोरेंट में ग्राहकों के लिए संगीत की विशेष व्यवस्था की गई, जिससे नए साल के स्वागत और बीते वर्ष की विदाई का उत्सव यादगार बन गया। होटल संचालक अरविंद यादव ने कहा कि जिले का सामाजिक परिवेश तेजी से बदल रहा है और लोग अब महानगरों की तर्ज पर सुविधाओं को पसंद कर रहे हैं। इस मौके पर अरुण कुमार बरनवाल, विक्की बरनवाल, राजेंद्र विश्वकर्मा, हनुमत बरनवाल, अनिल कुमार, अमन कुमार, जयशंकर, सूरज, जमुना बरनवाल, मोनू जायसवाल, सुशील एवं हरिश्चंद्र सहित बड़ी संख्या में लोगों ने नववर्ष का उत्सव धूमधाम से मनाया।

























