बालिकाओं को समान अधिकार दिलाने पर रहा जोर
अमेठी, संवाददाता : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भादर में सोमवार को कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया। उप जिलाधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी अमेठी सात्विक श्रीवास्तव के निर्देश के क्रम में 12 प्रसूताओं को कन्याओं के पालन-पोषण हेतु बेबी किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान डीपीओ कार्यालय से गुलाब पाल द्वारा बच्चों की समुचित देखभाल के लिए हिमालयन किट वितरित की गई। सीएससी प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि किट में तेल, पाउडर, साबुन सहित आवश्यक सामग्री शामिल है।

उन्होंने बताया कि कन्या जन्मोत्सव मनाने का उद्देश्य समाज में लिंगानुपात में सुधार लाना, बालिकाओं को समान अधिकार दिलाना तथा उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन प्रदान करना है। कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिनमें कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) शामिल हैं। कार्यक्रम में बीपीएम उपमन्यु शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
























