बदमाश पर 25,000 रुपये का था इनाम, मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से घायल
बलिया,संवाददाता : बलिया जिले के दुबहड़ में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक इनामी पशु तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जो बिहार भागने की फिराक में था। पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बदमाश पर 25,000 रुपये का इनाम था, जो मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया था।
अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर ने बताया कि सोमवार और मंगलवार की मध्य रात्रि लगभग सवा बारह बजे दुबहड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे पर जनेश्वर मिश्र सेतु जाने वाले रास्ते के पास जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन रुकने के बजाय वह पुलिस की टीम पर गोली चलाते हुए भागने लगा। आरोपी की पहचान फेफना थाना क्षेत्र के दरामपुर गांव निवासी अशोक कुमार यादव उर्फ मुन्ना यादव (40) के रूप में हुई।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने जब आरोपी का पीछा किया तो उसने फिर से गोलीबारी की। पुलिस ने भी अपने बचाव में जवाबी कार्रवाई करते हुए उस पर गोली चलाई, जिसमें वह घायल हो गया। अशोक कुमार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में अशोक ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ 10 अक्टूबर 2025 की रात बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र से एक वाहन पर गायें लादकर वध के उद्देश्य से नदी के रास्ते बिहार ले जा रहा था।
इस दौरान कोतवाली पुलिस ने उसके दो साथियों सुनील यादव और कमलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि वह मौके से फरार हो गया था। इस संबंध में बलिया शहर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बिहार भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से पुलिस ने देसी तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक के अनुसार गिरफ्तार अशोक कुमार यादव पर 25,000 हजार रुपये का इनाम घोषित था।