सितंबर 2025 में कैलिफोर्निया विधानमंडल के दोनों सदनों से पारित हुआ था यह विधेयक
सैक्रामेंटो / न्यूयॉर्क : भारतीय प्रवासियों के लिए एक ऐतिहासिक क्षण आया है, जब कैलिफोर्निया राज्य ने दिवाली को आधिकारिक राजकीय अवकाश के रूप में मान्यता दे दी है। इस निर्णय के साथ ही कैलिफोर्निया, अमेरिका का तीसरा ऐसा राज्य बन गया है, जहां भारत के प्रमुख पर्व दिपावली को सरकारी अवकाश प्राप्त हुआ है। राज्यपाल गैविन न्यूसम ने विधानसभा सदस्य ऐश कालरा द्वारा प्रस्तुत विधेयक ‘एबी 268’ पर हस्ताक्षर कर इस निर्णय को अंतिम रूप दिया। यह विधेयक सितंबर 2025 में कैलिफोर्निया विधानमंडल के दोनों सदनों से पारित हुआ था।
ऐश कालरा ने कहा –
“दिवाली को राजकीय अवकाश घोषित करना न केवल लाखों भारतीय अमेरिकियों के लिए इस पर्व के महत्व को दर्शाता है, बल्कि कैलिफोर्निया की सांस्कृतिक विविधता को भी सम्मान देता है।”
पहले किन राज्यों में मिला था दर्जा?
- पेंसिल्वेनिया: अक्टूबर 2024 में दिवाली को राजकीय अवकाश घोषित करने वाला पहला राज्य।
- कनेक्टिकट: 2025 में शामिल हुआ।
- न्यूयॉर्क सिटी: यहां सरकारी स्कूलों में दिवाली पर अवकाश पहले से ही मान्य है।
भारतीय अमेरिकी समुदाय में उत्साह
कैलिफोर्निया में बसे भारतीय समुदाय और विभिन्न संगठनों ने इस फैसले का गर्मजोशी से स्वागत किया है।
गैर-लाभकारी संगठन इंडियास्पोरा के संस्थापक एमआर रंगास्वामी ने कहा – यह कदम न केवल दिवाली की चमक को अमेरिका में रोशन करता है, बल्कि कैलिफोर्निया के विकास में भारतीय समुदाय के योगदान का भी सम्मान है।”