टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए

अमेठी,संवाददाता : उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। शुकुल बाजार थाना क्षेत्र के सेवरा गांव के पास माइलस्टोन 59.7 पर रविवार सुबह करीब छह बजे एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने सड़क किनारे खड़ी मछली लदी पिकअप में पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी।इस भीषण टक्कर में एंबुलेंस में सवार पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस मृतक अशोक शर्मा के शव को लेकर जा रही थी। आशंका जताई जा रही है कि एंबुलेंस चालक को झपकी आ गई, जिससे यह टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
मृतकों की पहचान
- राजकुमार शर्मा उर्फ सतीश शर्मा, पुत्र अशोक शर्मा, नि. राम भद्रपुर, थाना कल्याणपुर, समस्तीपुर (बिहार)
- रवि शर्मा, पुत्र बलराम, नि. राम भद्रपुर, थाना कल्याणपुर, समस्तीपुर (बिहार)
- सरफराज, नि. नालहर, हरियाणा
- आबिद, पुत्र हामिद, नि. फिरोजपुर, थाना व जनपद नूह (हरियाणा)
- फुलो शर्मा, पुत्र स्व. राम प्रसाद शर्मा, रवि टोला, थाना हथौड़ी, समस्तीपुर (बिहार)
हादसे की सूचना मिलते ही डीएम संजय चौहान, एसपी अपर्णा रजत कौशिक, एडीएम अर्पित गुप्ता, एसडीएम अभिनव कनौजिया और तहसीलदार राहुल सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस और राहत दल ने शवों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक रिपोर्ट में चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।