पीएम मोदी की ‘नमामि गंगे’ परियोजना के माध्यम से उसी परंपरा को बढ़ा रहे हैं आगे
लखनऊ,संवाददाता : विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपने सरकारी आवास पर बिल्व (बेल) वृक्ष का पौधा रोपित कर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ किया। संयोगवश, आज मुख्यमंत्री का 53वां जन्मदिवस भी है, जिसे उन्होंने पर्यावरण को समर्पित करते हुए मनाया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा, “आज का दिन अत्यंत पावन है। यह गंगा दशहरा का भी दिन है — वही तिथि जब महाराज भगीरथ की तपस्या से मां गंगा धरती पर अवतरित हुईं। आज हम प्रधानमंत्री मोदी जी की ‘नमामि गंगे’ परियोजना के माध्यम से उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।”
विश्व पर्यावरण दिवस की गंभीरता को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “आज पूरी दुनिया पर्यावरणीय संकटों से जूझ रही है। यह संकट हमारी अपनी लापरवाहियों का परिणाम है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने इसका समाधान ‘प्रकृति के साथ समन्वय और संवाद’ में बताया है। इसी भावना से ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।” सीएम योगी ने बताया कि इस वर्ष 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। “यह वृक्षारोपण अभियान मानसून के आगमन के साथ और तेज़ी पकड़ेगा तथा 15 अगस्त तक लगातार चलेगा,” उन्होंने कहा।
मुख्यमंत्री को मिला शुभकामनाओं का सैलाब
इस मौके पर वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, वन राज्यमंत्री केपी मलिक सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और स्मृति चिह्न भेंट किया।
कार्यक्रम में प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद:
- मुख्य सचिव: मनोज कुमार सिंह
- प्रमुख सचिव (वन/पर्यावरण): अनिल कुमार
- प्रधान मुख्य वन संरक्षक: सुनील कुमार चौधरी
- वन्यजीव प्रमुख: अनुराधा वेमुरी
- प्रचार-प्रसार प्रमुख: पीपी सिंह
- लखनऊ मुख्य वन संरक्षक: रेनू सिंह
सीएम योगी का संदेश:
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा:
“माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः। विश्व पर्यावरण दिवस की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं! आइए, पर्यावरण संरक्षण के प्रति संकल्पित हों।”