30 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश में गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में लू जैसे हालात रहे। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के 20 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं, तापमान में लगातार वृद्धि लोगों की परेशानियों को और बढ़ा रही है।
कानपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा। प्रयागराज में पारा 44.6 डिग्री और सुल्तानपुर में 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बलिया सहित कई अन्य जिलों में गर्म हवा और धूप ने लू जैसे हालात पैदा कर दिए।
30 जिलों में 40 डिग्री के पार पारा
प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। इससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है और गर्मी से राहत के लिए लोग जलस्रोतों और ठंडे स्थानों की ओर रुख कर रहे हैं।
इन जिलों में लू की चेतावनी
मौसम विभाग ने जिन 20 जिलों में लू चलने की आशंका जताई है, उनमें शामिल हैं, कानपुर देहात, कानपुर नगर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, महोबा, झांसी, ललितपुर और हमीरपुर।
बदलाव के आसार: 27 से 30 अप्रैल के बीच राहत की संभावना
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 26 अप्रैल से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे 27 से 30 अप्रैल के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इससे तापमान में तात्कालिक गिरावट आ सकती है और लोगों को लू से राहत मिलने की उम्मीद है।