इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज को मिलेगा एक सशक्त संदेश
मथुरा,संवाददाता : उल्लास और रंगों का पर्व होली इस बार वृंदावन में एक अलग आभा में नजर आएगा, जहां 2000 से अधिक विधवाएं एक साथ होली खेलकर एक अनूठा विश्व रिकॉर्ड बनाने जा रही हैं। प्रदेश सरकार ने इस जानकारी का खुलासा किया है। मथुरा-वृंदावन की होली पहले ही प्रसिद्ध है, लेकिन इस बार यह सामाजिक सौहार्द, सांस्कृतिक समरसता और सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक बनकर इतिहास में अपना नाम दर्ज कराने जा रही है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने इस आयोजन की घोषणा करते हुए बताया कि यह आयोजन न केवल आनंद का होगा, बल्कि विधवाओं की जीवन में खुशियों का रंग घोलने का भी माध्यम बनेगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज को एक सशक्त संदेश भी मिलेगा। ‘विधवाओं की होली-2025’ के नाम से आयोजित होने वाली इस विशेष होली के आयोजन में वृंदावन के सामाजिक संगठनों और उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग का सहयोग रहेगा।
इस ऐतिहासिक आयोजन में, विधवाएं पारंपरिक लोक गायन, लोक नृत्य, भक्ति गीतों जैसी प्रस्तुतियों का हिस्सा बनेंगी। इसमें ऑर्गेनिक रंगों का इस्तेमाल किया जाएगा और अंतर्राष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों, मीडिया और भक्तों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। इस आयोजन को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा मान्यता प्राप्त कराने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है और कार्यक्रम में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के पदाधिकारी उपस्थित होंगे, जिससे प्रमाणन प्रक्रिया में आसानी होगी।