हरमनप्रीत बनीं टी20 विश्व कप में भारत की टॉप स्कोरर
बर्मिंघम : स्मृति मंधाना की तूफानी बल्लेबाजी और दीप्ति शर्मा व श्री चरणी की घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रन से करारी शिकस्त दी है। रविवार को बर्मिंघम में खेले गए ग्रुप-1 के इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में महज़ 106 रन पर सिमट गई।
मंधाना और हरमनप्रीत ने संभाली पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत उतार-चढ़ाव भरी रही। शेफाली वर्मा ने मैच की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा, लेकिन वह 6 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके तुरंत बाद जेमिमा रोड्रिग्स भी सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं, जिससे भारत ने 18 रन पर ही 2 विकेट गंवा दिए। शुरुआती झटकों के बाद उप-कप्तान स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। ,स्मृति मंधाना: 44 गेंदों पर 68 रन (9 चौके, 2 छक्के), हरमनप्रीत कौर: 35 गेंदों पर 36 रन
मंधाना के आउट होने के बाद भारती फुलमाली भी जल्दी आउट हो गईं, लेकिन अंतिम ओवरों में ऋषा घोष ने मात्र 17 गेंदों पर 34 रन (5 चौके, 1 छक्का) की विस्फोटक पारी खेलकर भारत का स्कोर 170 तक पहुंचाया। दीप्ति शर्मा 12 रन पर नाबाद रहीं। पाकिस्तान की ओर से सादिया इकबाल और फातिमा सना ने 2-2 विकेट लिए।
दीप्ति के ‘पंजे’ में फंसा पाकिस्तान
171 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने पूरी तरह बिखर गई। पाकिस्तान की ओर से सिर्फ मुनीबा अली (35 गेंदों में 41 रन) ही संघर्ष कर सकीं। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने अपने करियर का यादगार स्पेल डालते हुए 4 ओवर में मात्र 10 रन देकर 5 विकेट चटकाए। उनके अलावा श्री चरणी ने 21 रन देकर 3 विकेट और शेफाली वर्मा ने 1 विकेट लिया।
बने कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स
- पाकिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर: भारत का 170/6 का स्कोर महिला टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ उसका अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
- हरमनप्रीत ने रचा इतिहास: कप्तान हरमनप्रीत कौर (762 रन) महिला टी20 विश्व कप इतिहास में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। उन्होंने पूर्व कप्तान मिताली राज (726 रन) को पीछे छोड़ दिया है।
कप्तानों ने नहीं मिलाया हाथ
मुकाबले से पहले टॉस के समय भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया। लगातार दूसरे आईसीसी टूर्नामेंट में दोनों टीमों की महिला कप्तानों के बीच ऐसा कोल्ड-वार देखने को मिला। हालांकि, हरमनप्रीत ने मैच से पहले साफ किया था कि उनका पूरा ध्यान केवल क्रिकेट पर है।























