अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बच्चे को घोषित किया मृत, रो-रोकर बेहाल हुए माता-पिता
बिधूना (औरैया)। बिधूना कस्बे के कछपुरा (पुराना बिधूना) मोहल्ले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहाँ घर के अंदर खेल रहे एक तीन वर्षीय मासूम बच्चे की बिजली का करंट लगने से असमय मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद से पीड़ित परिवार और पूरे इलाके में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कछपुरा निवासी अमित कुमार शाक्य का तीन वर्षीय पुत्र युग रविवार दोपहर करीब 12 बजे घर के कमरों में खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह अचानक घर में मौजूद बिजली के किसी कटी तार या उपकरण की चपेट में आ गया। करंट का जोरदार झटका लगते ही मासूम अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा।
सीएचसी में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
बच्चे को जमीन पर गिरा देख परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में परिजन मासूम को लेकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिधूना पहुंचे। वहाँ डॉक्टरों ने गहन परीक्षण के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की इस घोषणा के बाद अस्पताल परिसर ही चीखों से गूंज उठा। मासूम युग की मौत से पिता अमित कुमार और मां अंजली समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक बच्चे के पिता अमित कुमार ने बताया कि सीएचसी में जांच के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि बच्चे के पैर का तलवा बुरी तरह झुलसा हुआ था। इससे आशंका जताई जा रही है कि फर्श पर या नीचे की तरफ कोई कटा हुआ बिजली का तार खुला रह गया था, जिस पर मासूम का पैर पड़ गया और यह हादसा हो गया।
परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया मना
इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही कछपुरा मोहल्ले में फैली, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और रिश्तेदार पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने अमित कुमार के घर पहुंच गए। शोक संतप्त परिजनों ने बच्चे के शव का कानूनी पंचनामा या पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद वे मासूम के शव को वापस घर ले गए। इस मामले में कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार ने बताया कि स्थानीय पुलिस को इस दुखद घटना की जानकारी अस्पताल प्रशासन के जरिए मिली थी। हालांकि, परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराने से मना किए जाने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।






















