पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है
हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से सोमवार सुबह एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मौदहा थाना क्षेत्र के खंडेह गांव में एक तालाब में नहाने गए तीन नाबालिग बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे गांव में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, खंडेह गांव के रहने वाले प्रबल यादव (10 वर्ष), आदित्य कुशवाहा (9 वर्ष) और भोला कुशवाहा (10 वर्ष) सुबह करीब साढ़े दस बजे गांव के ही रामजानकी मंदिर के पास स्थित तालाब में नहाने गए थे। नहाने के दौरान तीनों बच्चे पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए और अचानक गहरे पानी में चले जाने के कारण डूबने लगे। घटना के वक्त तालाब के आसपास मौजूद ग्रामीणों ने जब बच्चों को डूबते देखा, तो उन्होंने बिना वक्त गंवाए तुरंत तालाब में छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद तीनों मासूमों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अरविंद वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि तीनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है।
























