बल्दीराय थाना क्षेत्र में सुबह 5 बजे हुआ हादसा, शादी समारोह से लौट रहे युवक ने मौके पर तोड़ा दम
सुल्तानपुर : जनपद के बल्दीराय थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शारदा सहायक नहर खंड-16 के पूरे सबल पुल के पास लगभग सुबह 5 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद अयोध्या के इनायत नगर थाना क्षेत्र के मुरेना कुचेरा निवासी 28 वर्षीय रामजी पुत्र गंगाराम, बाइक संख्या UP42 AZ6507 से बल्दीराय थाना क्षेत्र के गौराबरामऊ स्थित अपने ससुराल में शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे प्रेमदीप पुत्र महेश कुमार, निवासी पूरे गोसाईं मजरे अंजरौली (जनपद अयोध्या), जो महरूआ स्थित रामबाबा विद्या मंदिर जा रहे थे, उनकी बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि रामजी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि प्रेमदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एम्बुलेंस द्वारा सौ शैय्या अस्पताल, पिठला कुमारगंज (अयोध्या) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप ने बताया कि परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
























