पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से बची पूरी बस्ती, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
सुल्तानपुर: सुल्तानपुर जनपद के ग्राम पंचायत नरही और तिवारी का पुरवा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते गेहूं की पाली आग की चपेट में आ गई और लपटें आसपास के पेड़ों तक फैलने लगीं। हालात इतने गंभीर हो गए कि पूरा गांव आग की जद में आने की कगार पर पहुंच गया।
सूचना मिलते ही थाना धम्मौर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई। थाना प्रभारी विपेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में उप निरीक्षक राजकुमार सिंह, उप निरीक्षक जमील अहमद खां, कांस्टेबल संजय यादव और उप निरीक्षक हरिकेश बहादुर सिंह सहित पुलिस टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए आग को आबादी की ओर बढ़ने से रोक दिया।
इस दौरान ग्रामीणों ने भी एकजुटता की मिसाल पेश की। प्रदीप यादव, शोले सिंह, मोनू, मिश्रा सहित कई लोगों ने जान जोखिम में डालकर आग बुझाने में सहयोग किया। पूर्व प्रधान शेष कुमार यादव और शुभम पाल (युवा पत्रकार एवं जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी, वार्ड नंबर 31) भी लगातार मौके पर मौजूद रहे। डायल 112 टीम ने भी पहुंचकर राहत कार्य को और मजबूत किया।
आग की भयावहता से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से एक बड़ा हादसा टल गया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि इस घटना में गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई, जिससे किसानों को नुकसान हुआ है, लेकिन सबसे बड़ी राहत यह रही कि पूरे गांव को सुरक्षित बचा लिया गया। फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
























