शिक्षकों और कर्मचारियों को समय पर मिलेगा वेतन, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद
लखनऊ : प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों को बड़ी राहत देते हुए 625 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। यह राशि अनुदान संख्या-31 के तहत मानक मद-31 (सहायता अनुदान-सामान्य/वेतन) में प्रदान की गई है। चिकित्सा शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव चंद्र शेखर मिश्र द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह बजट फेज-1 के पांच और फेज-2 के आठ मेडिकल कॉलेजों के साथ जौनपुर एवं बलरामपुर मेडिकल कॉलेज को दिया जाएगा। इस फैसले से प्रदेश के कुल 15 स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों को सीधा लाभ मिलेगा।
जिन मेडिकल कॉलेजों को इस बजट का लाभ मिलेगा, उनमें अयोध्या, बस्ती, बहराइच, फिरोजाबाद, शाहजहांपुर, एटा, फतेहपुर, गाजीपुर, हरदोई, मीरजापुर, प्रतापगढ़, सिद्धार्थनगर, देवरिया, जौनपुर और बलरामपुर शामिल हैं।उत्तर प्रदेश सरकार के इस फैसले से इन मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन भुगतान को सुनिश्चित किया जा सकेगा। अधिकारियों का मानना है कि समय पर वेतन मिलने से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, जिससे चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।






















