मौर्य ने कहा, दोनों ही नेता कर रहे हैं मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला। मौर्य ने कहा कि दोनों ही नेता मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं और सिर्फ नौटंकी कर रहे हैं।
सपा और कांग्रेस का पतन निश्चित है: मौर्य
मौर्य ने आरोप लगाया, ‘‘अखिलेश और राहुल दोनों ही मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं। वे नौटंकी कर रहे हैं। सपा और कांग्रेस का पतन निश्चित है। सपा ‘समाप्तवादी पार्टी’ बन जाएगी और कांग्रेस मुक्त भारत होगा।’’ उन्होंने यह भी कहा कि ये दोनों पार्टियां माहौल खराब करने की कोशिश कर रही हैं।
संभल हिंसा का कारण सपा विधायक और सांसद की रंजिश
संभल हिंसा के संदर्भ में मौर्य ने कहा कि यह हिंसा सपा के विधायक और सांसद की रंजिश का परिणाम है। उनका आरोप था कि सपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां इस हिंसा के जरिए समाज में तनाव बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं।
पाकिस्तान निर्मित कारतूस का मामले पर मौर्य का बयान
संभल हिंसा के दौरान पाकिस्तान निर्मित कारतूस का इस्तेमाल करने के प्रशासन के दावे पर मौर्य ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
ब्रजेश पाठक ने विपक्ष से किया शांति की अपील
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मामले की स्वतंत्र जांच की जा रही है और विपक्ष को शांति बनाए रखने में सरकार का साथ देना चाहिए। उन्होंने तंज करते हुए कहा, ‘‘वह (विपक्ष) शांति बहाल होने के बाद वहां जाएं और वलीमा करें।’’