पूर्व सांसद ने दिवंगत कार्यकर्ताओं के चित्र पर अर्पित की श्रद्धांजलि
बाराबंकी, संवाददाता: लखनऊ में विधानसभा घेराव के दौरान कांग्रेसियों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन में एक व्यक्ति की मौत की सूचना के बाद जिले में वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं में जहां शोक की लहर दौड़ गई। तो दूसरी तरफ युवा कार्यकर्ता काफी रोष में नजर आए। गुरुवार को शहर स्थित कांग्रेस कार्यालय पर पूर्व सांसद पीएल पुनिया व जिलाध्यक्ष मोहसिन सहित सैकड़ो कांग्रेसियों ने अपने दिवंगत साथी के चित्र पर माल्यार्पण कर उसे अंतिम विदाई दी। इस दौरान पूर्व सांसद बोले कि भाजपा सरकार के कुशासन, जंगलराज, महंगाई के खिलाफ और बाबा साहब के संविधान को बचाने की लड़ाई कांग्रेस पार्टी देश भर में लड़ रही हैं। इसी लड़ाई में 18 दिसम्बर को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भाजपा सरकार की निरंकुश पुलिस ने युवक कांग्रेस के उत्साही कार्यकर्ता प्रभात पाण्डेंय की तथा असम राज्य के गुवाहाटी में कांग्रेस कार्यकर्ता मृदल इस्लाम की अन्याय, जुल्म तथा बर्बरता से जान ले ली।

हम कांग्रेस परिवार के साथ भाजपा शासित उत्तर प्रदेश के लखनऊ एवं असम के कार्यकर्ता की असमय हुई मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके शोकाकुल परिवारजनों के प्रति गहरी शोक संवेदनाऐं व्यक्त कर सरकार से मांग की हैं कि योगी सरकार मृतक प्रभात पाण्डेंय के परिवार को एक करोड़ रूपये की आर्थिक सहायता करे और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दें। इसके अतिरिक्त कांग्रेसियों ने असम राज्य के गुवाहाटी में कांग्रेस कार्यकर्ता मृदल इस्लाम के चित्र पर कांग्रेस परिवार के साथ श्रद्धासुमन अर्पित किया और देर शाम कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया। इस मौके पर कांग्रेस जिला मीडिया प्रभारी सरजू शर्मा राजेन्द्र वर्मा फोटोवाला, पूर्व जिलाध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा, अजीत वर्मा, इरफान कुरैशी, के.सी.श्रीवास्तव, अखिलेश वर्मा, रामहरख रावत, सिकंदर अब्बास रिजवी, सियाराम यादव, अजय रावत, आनन्द गौतम, जिया खान, सुशील वर्मा, पवन यादव, संजीव मिश्रा सहित दर्जनों की संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे ।