मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए गए
बाराबंकी, संवाददाता : राजकीय संप्रेक्षण गृह में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (एसीएमओ) डॉ. एल.बी. गुप्ता हादसे का शिकार हो गए। कार्यक्रम स्थल के पास मार्ग पर बिछाए गए रेड कारपेट के नीचे छिपे गड्ढे में उनका पैर फंस गया, जिससे वह संतुलन खोकर गिर पड़े। हादसे में उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया।
जानकारी के अनुसार, डॉ. गुप्ता कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात थे और सेफ हाउस के निकट बने रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान रेड कारपेट के नीचे मौजूद गड्ढा दिखाई न देने के कारण उनका पैर फंस गया और वह जमीन पर गिर गए। घटना में उनके हाथ में गंभीर चोट आई।
हादसे के तुरंत बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका एक्स-रे कराया। जांच में हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि होने पर उनका उपचार कर प्लास्टर चढ़ाया गया। सूत्रों के मुताबिक, मार्ग पर मौजूद गड्ढे को भरने या समतल करने के बजाय उसके ऊपर रेड कारपेट बिछा दी गई थी, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों ने जांच के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल उठने लगे हैं।





















