भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी से अलर्ट मोड में प्रशासन
लखनऊ, संवाददाता : उत्तर प्रदेश में मई की तपिश अब खतरनाक स्तर तक पहुंच गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों में भीषण हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद योगी सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग तक को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
इन जिलों में भयानक लू की आशंका
20 मई से 21 मई के बीच बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी में भयंकर लू चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज हो सकता है।
गर्म हवाएं बन सकती हैं जानलेवा
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दोपहर के समय चलने वाली गर्म हवाएं लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं। खासकर बुंदेलखंड और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में हालात सबसे ज्यादा गंभीर माने जा रहे हैं। कई जिलों में सुबह 9 बजे के बाद ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर महसूस होने लगा है। भीषण गर्मी के कारण दोपहर में सड़कें सूनी दिखाई देने लगी हैं। गांवों में लोग पेड़ों और छायादार जगहों का सहारा लेते नजर आ रहे हैं। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों की आवाजाही कम हो गई है।
विशेष निर्देश
सरकार ने अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों बाद प्रदेशवासियों को इस भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ और मौसम में बदलाव के चलते तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है।
























