गुरुवार को पिपरा घाट पर होगा अंतिम संस्कार
लखनऊ, संवाददाता : समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन के बाद बुधवार को केजीएमयू में उनका पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर में खून का थक्का जमने की पुष्टि हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, शरीर के निचले हिस्से में बना खून का थक्का ऊपर की ओर बढ़ गया, जिससे आर्टरी और फेफड़ों में गंभीर संक्रमण फैल गया। इसी के चलते उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया और उनकी मृत्यु हो गई। हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि विसरा रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर और स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
पोस्टमार्टम के बाद प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर केजीएमयू से उनके आवास लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। परिवारजन, रिश्तेदार और करीबी सहयोगियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। जानकारी के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर साढ़े बारह बजे पिपरा घाट पर किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन और परिवार की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
प्रतीक यादव के निधन से परिवार और राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। अंतिम संस्कार में उनकी पत्नी अपर्णा यादव, सौतेले भाई अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव, चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव और शिवपाल सिंह यादव समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहेंगे। प्रतीक यादव सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनके असामयिक निधन से समर्थकों और शुभचिंतकों में गहरा दुख है।























