एक से 15 अप्रैल तक ‘स्कूल चलो अभियान’, अभिभावकों से भी किया जागरूकता बढ़ाने का आह्वान
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पर बच्चों को प्रेरित करते हुए उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी करने का संदेश दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बच्चों के नाम एक पत्र साझा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा, “मेरे प्यारे बच्चो, नया शैक्षणिक सत्र आरंभ हो रहा है। आप सभी को स्वर्णिम भविष्य की ढेर सारी शुभकामनाएं।” उन्होंने बच्चों से अपनी रुचि के विषयों, खेलों और विद्यालय की गतिविधियों में पूरे मन से भाग लेने की अपील की।
‘स्कूल चलो अभियान’ पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक ‘स्कूल चलो अभियान’ चलाया जाएगा। उन्होंने कहा, “विकसित उत्तर प्रदेश का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब हर बच्चा पढ़ेगा और आगे बढ़ेगा।”
शिक्षा को बताया व्यक्तित्व निर्माण की नींव:
मुख्यमंत्री ने अपने विद्यालय के अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्कूल केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की पहली पाठशाला है। उन्होंने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के उदाहरण देते हुए बताया कि उनके जीवन की नींव भी गुरुकुल से ही पड़ी थी।
स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा
उन्होंने बच्चों को स्वामी विवेकानंद के सिद्धांतों को अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि परिश्रम और सकारात्मक सोच से असंभव लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।
तकनीक का संतुलित उपयोग
योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को तकनीक का सही उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ‘स्क्रीन टाइम’ कम कर ‘एक्टिविटी टाइम’ बढ़ाना जरूरी है, ताकि शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर हो सके। योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को तकनीक का सही उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ‘स्क्रीन टाइम’ कम कर ‘एक्टिविटी टाइम’ बढ़ाना जरूरी है, ताकि शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर हो सके।
अभिभावकों से अपील
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से भी आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने के साथ-साथ आसपास के उन बच्चों को भी स्कूल तक पहुंचाने में मदद करें, जो किसी कारणवश शिक्षा से दूर हैं। उन्होंने सरकारी योजनाओं की जानकारी फैलाने पर भी जोर दिया।























