अभिभावकों की सहभागिता से शिक्षा सुधार पर जोर, बच्चों की गुणवत्ता बढ़ाने पर चर्चा

अमेठी, संवाददाता : विकास खंड भादर के प्राथमिक विद्यालय राघवपुर (न्याय पंचायत पीपरपुर) में शनिवार को शिक्षा चौपाल एवं वार्षिकोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षाधिकारी शिवकुमार यादव उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता प्रधानाध्यापक सूरज सिंह ने की। इस दौरान अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति, स्वच्छता, अनुशासन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षिक योजनाओं पर भी प्रकाश डाला गया।
शिक्षा चौपाल में अभिभावकों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपने सुझाव प्रस्तुत किए और विद्यालय की गतिविधियों की सराहना की। नोडल शिक्षक संकुल राघवेंद्र सिंह ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन सुभाष सिंह ने किया। इस अवसर पर अजय जायसवाल, राजेंद्र उपाध्याय, अनिल कुमार, सुनील श्रीवास्तव, सुमन सिंह, पवन तिवारी, ऋषभ तिवारी सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। अंत में प्रधानाध्यापक सूरज सिंह ने सभी आगंतुकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।






















