जांच करने पहुंची टीम पर आरोपियों का हमला, सिपाही की वर्दी फाड़ी और मोबाइल छीना
सुलतानपुर, संवाददाता : धम्मौर थाना क्षेत्र के भांटी गांव में छेड़खानी की शिकायत की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से किए गए इस हमले में दरोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, अर्चना यादव की शिकायत पर उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह पुलिस टीम के साथ गांव में जांच के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी अंकित यादव और उसके परिजनों ने पुलिस टीम पर अचानक हमला बोल दिया।
हमले में सिपाही संजय यादव की वर्दी फाड़ दी गई और उनका मोबाइल छीन लिया गया, जिसे बाद में वापस कर दिया गया। वहीं सिपाही अंकुश चौधरी सहित अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। थाना प्रभारी रजत पांडेय ने बताया कि उपनिरीक्षक की तहरीर पर आठ नामजद और चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।























