सामुदायिक सहभागिता से शिक्षा में सुधार की पहल

अमेठी, संवाददाता : भादर ब्लॉक अंतर्गत त्रिसुंडी न्याय पंचायत के कंपोजिट विद्यालय त्रिसुंडी में शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद स्थापित कर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना रहा।


चौपाल के दौरान अभिभावकों को विद्यालय की गतिविधियों और बच्चों की शैक्षिक प्रगति से अवगत कराया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा नियमित उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बच्चों ने शिक्षाप्रद नाटक, गीत और कलाकृतियों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। इस अवसर पर बच्चों की पढ़ाई और नियमित उपस्थिति में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अभिभावकों और शिक्षकों के बीच संवाद के माध्यम से इन समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया।

नोडल शिक्षा संकुल अनिल सोनी ने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और उनके बेहतर उपयोग पर प्रकाश डाला। वहीं, प्रधानाध्यापिका रेशमा सिंह ने कहा कि “बच्चों की नियमित उपस्थिति और अभिभावकों का सहयोग ही बेहतर शिक्षा की कुंजी है। विद्यालय परिवार लगातार प्रयासरत है कि हर बच्चा नियमित रूप से स्कूल आए और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे।” कार्यक्रम में जय प्रकाश मिश्र, जय प्रकाश त्रिपाठी, अरुण कुमार, योगेश मिश्र, राजमणि, अनुसूईया, नम्रता मरकरहा, बृजेश दुबे, गणेश कुमार, शिखा, अनिल कुमार, मंजूलिका, प्रतिमा सिंह, कुलदीप तिवारी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।






















