उद्योगों की सुरक्षा मजबूत करने व अपराध नियंत्रण के लिए अहम कदम

अमेठी, संवाददाता : त्रिसुंडी औद्योगिक क्षेत्र को सोमवार को नई पुलिस चौकी की सौगात मिल गई। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने फीता काटकर आधुनिक सुविधाओं से लैस इस चौकी का विधिवत उद्घाटन किया। यूपीसीडा द्वारा निश्शुल्क भूमि उपलब्ध कराने के बाद निर्मित इस चौकी के शुरू होने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यूपीसीडा ने 1 जुलाई 2023 को 515 वर्ग मीटर भूमि पुलिस विभाग को आवंटित की थी। करीब 35.61 लाख रुपये की लागत से तैयार इस चौकी में कार्यालय, मालखाना, स्टोर, किचन, शौचालय तथा आरक्षियों के लिए बैरक जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। निर्माण कार्य 26 अगस्त 2025 को शुरू हुआ था और निर्धारित समय से पहले ही पूर्ण कर लिया गया। उद्घाटन के अवसर पर एसपी ने कहा कि चौकी का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत उद्यमियों और कर्मचारियों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और त्वरित सहायता भी प्राथमिकता में रहेगी।


अयोध्या-प्रयागराज मार्ग पर स्थित होने के कारण इस क्षेत्र में आवागमन अधिक रहता है। ऐसे में चौकी के सक्रिय होने से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मोहन सिंह, संग्रामपुर थाना प्रभारी संजय सिंह, सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट सुरेंद्र कुमार, गैस प्लांट मैनेजर उदय नारायण तिवारी, ब्लॉक प्रमुख प्रवीण कुमार सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक व पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
























