पालिकाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने किया भूमि पूजन, बनेंगे हाल, बहुउपयोगी शौचालय व आधुनिक मॉडल की सीढ़ियां
सुल्तानपुर: नगर क्षेत्र के वार्ड बढ़ैयाबीर स्थित गोमती नदी तट पर बने पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्व के हनुमान घाट के नवनिर्माण कार्य का शिलान्यास पालिकाध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने विधिवत भूमि पूजन कर किया। शासन द्वारा इस परियोजना के लिए 171.21 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि आदि गंगा मां गोमती के तट पर स्थित यह कच्चा घाट लंबे समय से श्रद्धालुओं व स्थानीय सभासदों द्वारा विकसित किए जाने की मांग का केंद्र रहा है। इसे सीताकुंड घाट की तर्ज पर विकसित करने हेतु “वंदन योजना” के अंतर्गत प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे शासन ने स्वीकृति दे दी है।
निर्माण कार्य में होंगी ये प्रमुख सुविधाएं
- 50 मीटर × 17 मीटर क्षेत्रफल में सीढ़ीयुक्त पक्का घाट
- 350 वर्गमीटर इंटरलॉकिंग मार्ग
- 2 बड़े हाल
- 5 सीटर श्रद्धालु शौचालय
- प्रकाश व्यवस्था हेतु 2 हाईमास्ट
- वृक्षारोपण, इंटरलॉकिंग पाथ-वे व अन्य सौंदर्यीकरण कार्य
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि घाट के निर्माण के बाद श्रद्धालुओं को नियमित पूजा-पाठ और स्नान के साथ छठ पूजा, पूर्णिमा, अमावस्या एवं अन्य पर्वों पर विशेष स्नान-दान के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। आने वाले समय में यह स्थल पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित होगा, जिससे स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। वरिष्ठ साहित्यकार कमल नयन पाण्डेय ने इसे नगरवासियों के लिए राहतकारी कदम बताया। वहीं भाजपा नेता रामचंद्र मिश्र ने कहा कि सरकार शहरी विकास के साथ-साथ प्राचीन धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार को प्राथमिकता दे रही है। कार्यक्रम संयोजक सभासद प्रवीण मिश्र ने बताया कि वर्षों से यहां श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था, जो अब दूर होगी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री ओम प्रकाश पाण्डेय, डॉ. जे.पी. सिंह, संजय सिंह सोमवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।























