जनपद सुलतानपुर व अमेठी में विभिन्न स्थानों पर लगेगी लोक अदालत
सुलतानपुर, संवाददाता : जनसामान्य को त्वरित, सस्ता एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 14 मार्च 2026 (शनिवार) को प्रातः 10 बजे से जनपद न्यायालय परिसर सुलतानपुर सहित जनपद के सभी वाह्य न्यायालयों, तहसील मुख्यालयों, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण सुलतानपुर, कलेक्ट्रेट एवं अन्य संबंधित विभागों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुलतानपुर सुश्री मुक्ता त्यागी ने बताया कि इसी क्रम में जनपद अमेठी के मुसाफिरखाना, गौरीगंज एवं अमेठी तहसील मुख्यालयों में भी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय प्रत्येक भारतीय नागरिक का नैतिक अधिकार है। राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से तहसील न्यायालय से लेकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय तक के न्यायालयों एवं विभिन्न विभागों में लंबित मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर अंतिम निस्तारण कराया जा सकता है। लोक अदालत में पक्षकार स्वयं पहल कर आपसी सहमति से अपने विवाद का समाधान कर सकते हैं। सचिव ने बताया कि लोक अदालत में वाद निस्तारण हेतु किसी प्रकार का शुल्क देय नहीं होता, जबकि लंबित मामलों के निस्तारण पर न्यायालय शुल्क वापसी का भी प्रावधान है। लोक अदालत के निर्णय के विरुद्ध किसी भी प्रकार की अपील नहीं की जा सकती, जिससे वर्षों से लंबित मामलों का स्थायी समाधान संभव हो पाता है। लोक अदालत की प्रक्रिया सरल, त्वरित और कानूनी जटिलताओं से मुक्त होती है।
राष्ट्रीय लोक अदालत में शमनीय आपराधिक वाद, सिविल वाद, उत्तराधिकार मामले, बैंक ऋण वसूली, प्री-लिटिगेशन वाद, पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद, नगर निगम/नगर पालिका अधिनियम, श्रम विवाद, भूमि अधिग्रहण, राजस्व वाद, सेवा संबंधी मामले, मनरेगा, व्यापार कर, वजन व माप तौल अधिनियम, वन अधिनियम, उपभोक्ता फोरम, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, एनआई एक्ट, विद्युत एवं जल संबंधी वाद, आर्बिट्रेशन, आपदा राहत, यातायात चालान सहित अन्य वादों का निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि जिनके उपरोक्त प्रकृति के वाद लंबित हैं, वे संबंधित न्यायालय के पीठासीन अधिकारी अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुलतानपुर कार्यालय से संपर्क कर अपने वाद को राष्ट्रीय लोक अदालत में नियत कराकर 14 मार्च 2026 को सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित करा सकते हैं।






















