2027 में भाजपा को हटाने का जनता ने बना लिया है मन : अखिलेश
लखनऊ,संवाददाता : योगी मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता को गुमराह करने और धोखा देने के लिए मंत्रिमंडल विस्तार करने जा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में लोकतंत्र का भविष्य दांव पर है और समाजवादी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर पूरी मजबूती के साथ जुटना होगा।
समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। भाजपा के षड्यंत्र को विफल करना है और जनता 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं। भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है। सपा प्रमुख ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर मतदाता का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए अभियान चलाएं और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करें।
अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना की जाएगी। समाज के हर वर्ग को सम्मान और न्याय मिलेगा तथा प्रदेश को विकास की नई दिशा दी जाएगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि समाजवादी सरकार बनने पर गोमती रिवरफ्रंट पर महाराजा बिजली पासी की सोने की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
























