सपा सांसद राजीव राय ने रसड़ा थाने में दर्ज कराई एफ़आईआर
बलिया, संवाददाता : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सुपुत्री अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर की गई अनर्गल और अभद्र टिप्पणियों के बाद सपा नेताओं और समर्थकों में भारी आक्रोश फैल गया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए सपा नेताओं ने बलिया के रसड़ा कोतवाली में आरोपी गोरखनाथ जायसवाल के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि गोरखनाथ ने सोशल मीडिया पर अदिति यादव के संबंध में बेहद अमर्यादित पोस्ट शेयर की थी।
सांसद राजीव राय की चेतावनी :
घोसी लोकसभा सीट से नवनिर्वाचित सपा सांसद राजीव राय ने अपने ऑफिशियल ‘एक्स’ (ट्विटर) हैंडल पर एफआईआर (FIR) की कॉपी साझा करते हुए सत्ताधारी दल पर तीखा हमला बोला। “आज अपने लोकसभा के रसड़ा कोतवाली में भाजपा नेता (जो सोशल मीडिया पर हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष की सुपुत्री को लेकर अभद्र और घटिया पोस्ट कर रहा था) के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है। अगर पुलिस ने इस मामले में लीपापोती करने का प्रयास किया, तो हम समाजवादी लोग अपनी बहन-बेटियों के सम्मान में सड़कों पर उतरकर न्याय की लड़ाई लड़ेंगे। क्या यही भाजपा का असली चरित्र और चेहरा है?”
नेताओं की छवि धूमिल करने की गहरी साजिश का आरोप :
रसड़ा में सपा के विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र यादव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। रसड़ा क्षेत्र के कुछ युवक पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर सपा प्रमुख के परिवार के खिलाफ भ्रामक पोस्ट वायरल कर रहे हैं, जिसमें गोरखनाथ जायसवाल मुख्य रूप से शामिल है। सपा नेताओं का कहना है कि यह सब एक सोची-समझी साजिश के तहत किया जा रहा है ताकि उनके शीर्ष नेता की छवि को खराब किया जा सके। ऐसी घटिया हरकतों से समाज में द्वेष फैल सकता है, जो सामाजिक समरसता के लिए बड़ी चुनौती है। शिकायत में मांग की गई है कि इस घिनौने कृत्य में शामिल सभी चेहरों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए और सोशल मीडिया से तत्काल सभी अमर्यादित पोस्ट हटाए जाएं।
अखिलेश यादव ने पूछा :
अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर हुए इस हंगामे के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी और अप्रत्यक्ष रूप से मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए सवाल खड़े किए। हमारे परिवार के बारे में इस तरह की झूठी बातें और अफवाहें फैलाने वालों को किसने छूट दे रखी है? उन्हें आखिर किसका संरक्षण प्राप्त है?” बहरहाल, रसड़ा कोतवाली पुलिस ने सपा नेताओं की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।























