सिंगठी में खेले गए रोमांचक मुकाबलों में दर्शकों ने देखा शानदार प्रदर्शन

अमेठी,संवाददाता : क्षेत्र के सिंगठी गांव में चल रही जय मां भगवती क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत मंगलवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में बहादुरपुर और लहना की टीमें आमने-सामने रहीं। टॉस जीतकर लहना की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए बहादुरपुर की टीम ने 8 ओवर में 7 विकेट खोकर 78 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लहना की टीम 8 ओवर में 7 विकेट खोकर मात्र 68 रन ही बना सकी। इस तरह बहादुरपुर ने यह मुकाबला 10 रन से जीत लिया। इस मैच में लहना के गौतम को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 2 छक्के और 2 चौकों की मदद से 22 रन बनाए तथा 2 विकेट भी झटके।

दूसरा मुकाबला सोनारी कला और रायपुर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर सोनारी कला की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 8 ओवर में 7 विकेट खोकर 81 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायपुर की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर 4 गेंद में 4 विकेट खोकर 82 रन बना लिए और 6 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। रायपुर के शुभम को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। शुभम ने 2 छक्के और 1 चौके की मदद से 22 रन बनाए और साथ ही 2 विकेट भी हासिल किए। इस अवसर पर रीशू पांडेय सहित अन्य खेल प्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

























