अनुराग की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से रतापुर को 6 विकेट से दी शिकस्त
अमेठी, संवाददाता : क्षेत्र के सिंगठी गांव में आयोजित जय मां भगवती क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता का पहला मैच रतापुर और नरहरपुर के बीच हुआ। नरहरपुर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया।


पहले बल्लेबाजी करने उतरी रतापुर की टीम 8 ओवर में 7 विकेट खोकर 84 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नरहरपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6.2 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 6 विकेट से मैच जीत लिया। इस मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए नरहरपुर के अनुराग को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 3 छक्के और 3 चौकों की मदद से 44 रन बनाए।

दूसरा मुकाबला चंडेरिया और गुडूरी के बीच खेला गया। चंडेरिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुडूरी की टीम 8.6 ओवर में सभी विकेट खोकर 84 रन बना सकी। जवाब में चंडेरिया की टीम ने 6.5 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया और 4 विकेट से मैच अपने नाम किया। इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए चंडेरिया के साहिल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 2 छक्के और 3 चौकों की मदद से 30 रन बनाए। प्रतियोगिता के दौरान आयोजक रीशू पांडेय, मुकेश यादव, राहुल ओझा, अभिषेक, सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

























