सड़क किनारे, गलियों या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर कुर्बानी पर स्पष्ट रूप से प्रतिबंध
दिल्ली,संवाददाता : दिल्ली सरकार ने बकरीद (ईद-उल-अज़हा) 2025 को लेकर एक एडवाइजरी जारी की है। सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक बकरीद पर गायों, बछड़ों, ऊंटों और अन्य प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी पर रोक लगा दी है। साथ ही कहा कि एडवाइजरी का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि हम त्योहार मनाने के दौरान किसी भी तरह की अवैध बलि या क्रूरता को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी का सख्ती से पालन करना अनिवार्य है। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि सड़क किनारे, गलियों या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर कुर्बानी पर स्पष्ट रूप से प्रतिबंध लगाया गया है। कुर्बानी की प्रक्रिया केवल निर्दिष्ट स्थानों पर ही की जा सकेगी। साथ ही, दिल्ली सरकार ने सोशल मीडिया पर कुर्बानी की तस्वीरें या वीडियो शेयर करने पर भी पाबंदी लगाई है। जिससे धार्मिक भावना आहत होने या सामाजिक तनाव की स्थिति से बचा जा सके।