2008 में सोनिया गांधी ने जवाहरलाल नेहरू के निजी कागजातों के 51 बक्से अपने पास ले लिए थे
दिल्ली,संवाददाता : प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को पत्र लिखकर जवाहरलाल नेहरू के निजी संग्रह से लिए गए कागजातों तक ‘पहुंच’ की मांग की है, जिन्हें उन्होंने 2008 में वापस लिया था। पीएमएमएल की नवगठित सोसाइटी की पहली वार्षिक आम बैठक से पहले, यह पत्राचार पहली बार किया गया है, और इसमें नेहरू के पत्रों और अन्य कागजातों के बारे में औपचारिक रूप से चर्चा की गई है।
सोनिया गांधी को लिखा गया पत्र विशेष रूप से शोधकर्ताओं के लिए इन कागजातों तक ‘पहुंच’ की अनुमति देने की अपील करता है। पीएमएमएल ने सोनिया से यह भी अनुरोध किया है कि वे नेहरू से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण पत्राचार दान करें, ताकि शोधकर्ताओं को आधुनिक भारतीय इतिहास को समझने में मदद मिल सके।
यूपीए सरकार के कार्यकाल में, मई 2008 में सोनिया गांधी ने जवाहरलाल नेहरू के निजी कागजातों के 51 बक्से अपने पास ले लिए थे। तब से यह कागजात सोनिया की कस्टडी में हैं। हालांकि, फरवरी 2024 में पीएमएमएल की वार्षिक आम बैठक के दौरान इन कागजातों के बारे में चर्चा की गई थी, लेकिन उस समय कोई आधिकारिक पत्राचार नहीं किया गया था। फरवरी 2024 में आयोजित पीएमएमएल की पिछली वार्षिक आम बैठक में चर्चा का एक बड़ा हिस्सा नेहरू के निजी कागजातों पर केंद्रित रहा था। बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोसाइटी के अध्यक्ष हैं। इस बैठक में सदस्यों ने राय व्यक्त की कि सोनिया द्वारा लिए गए कागजातों को वापस किया जाना चाहिए, क्योंकि ये कागजात 1971 में इंदिरा गांधी ने नेहरू के पत्रों के उत्तराधिकारी के रूप में और बाद में सोनिया ने प्रधानमंत्री संग्रहालय को दान किए थे।