होली के रंगों की दुकान सजाने के लिए रस्सी बांधते वक्त हुआ हादसा
पीलीभीत,संवाददाता : रस्सी में करंट उतरने के बाद हाईटेंशन लाइन से उतरे करंट की चपेट में आकर भाजयुमो नेता सौरभ दीक्षित की मौत हो गई। इलाज के लिए बरेली ले जाते वक्त रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार में चीख पुकार मच गई।
यह हादसा मंगलवार दोपहर का है। कस्बे के रहने वाले सौरभ दीक्षित, पुत्र संदीप दीक्षित, अपने आवास के बाहर होली के रंगों की दुकान सजा रहे थे। वह रस्सी को बांधने जा रहे थे, जो ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टच हो गई। जैसे ही उन्होंने रस्सी को छुआ, वह करंट की चपेट में आ गए और अचेत होकर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने उनकी हालत को गंभीर बताते हुए उन्हें रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। भाजपा के बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, चेयरमैन डीके गुप्ता, आयुष मिश्रा, पूर्व मंडल अध्यक्ष विक्रम गंगवार, संजीव मौर्य, पूर्व चेयरमैन अटल सिंह जायसवाल, अधिवक्ता रमेश चंद्र गुप्ता, अरविंद अवस्थी, विक्रम नरेश जायसवाल, अजय जायसवाल, डॉ. अवधेश शर्मा, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अवनीश जयसवाल, मोहम्मद रेहान, देवदत्त सक्सेना, बंटू जायसवाल, राजीव गुप्ता, पूर्व प्रधान संतोष शुक्ला, सच्चिदानंद मिश्रा पग्गू, विनोद शुक्ला आदि ने निधन पर शोक व्यक्त किया।