शिक्षा,व्यापार,वकालत,चिकित्सा,सीए,सीएस और अन्य क्षेत्रों की अग्रणी महिलाएं बनी कार्यक्रम की शान
प्रतापगढ़,संवाददाता : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा शनिवार को प्रतापगढ़ भाजपा कार्यालय में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में काशी क्षेत्र महामंत्री सुशील त्रिपाठी और भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथियों का स्वागत करते हुए की गई।
कार्यक्रम में कुंडा की प्रसिद्ध भाजपा नेत्री और वरिष्ठ समाजसेविका डॉ. सुमन साहू दीदी जी सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को सम्मानित किया गया। इन महिलाओं में शिक्षा, व्यापार, वकालत, चिकित्सा, सीए, सीएस और अन्य क्षेत्रों की अग्रणी महिलाएं शामिल थीं। इस दौरान डॉ. सुमन साहू दीदी जी ने महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 8 मार्च का दिन महिला के योगदान को मान्यता देने और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने का दिन है। यह दिन महिलाओं की भूमिका की सराहना करने का अवसर है, जो वे माताओं, बहनों, पत्नियों और सहकर्मियों के रूप में निभाती हैं।
भा.ज.पा. के जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं देश का नाम रोशन कर रही हैं और बुलंदियों तक पहुंची हैं, जिस पर भारत को गर्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारें महिला सशक्तिकरण के लिए काम कर रही हैं। कार्यक्रम के समापन पर महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रुचि केसरवानी ने सभी सम्मानित महिलाओं का आभार व्यक्त किया और धन्यवाद दिया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रतापगढ़ मेयर प्रेमलता सिंह, विधायक राजेन्द्र मौर्या, यशोदा शुक्ला, चेयरमैन मीरा गुप्ता, नेहा गुप्ता, खुशबू, अंजू पांडेय, प्रतिभा मिश्रा, राजेश सिंह महामंत्री, मनमीत कौर सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।