संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा, पांच की मौत
संभल, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा में पांच लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। पथरबाजों ने इस हिंसा को अंजाम देने के लिए नाबालिगों को आगे किया, जबकि उपद्रवियों के चेहरे ढके हुए थे। चार गलियों से हजारों लोग आए और पथराव व आगजनी शुरू कर दी। पथराव के दौरान नाबालिग भी सबसे आगे थे और उन्होंने भी जमकर ईंट-पत्थर चलाए।

सूत्रों के अनुसार, हिंसा के दौरान उपद्रवियों के समूहों ने गोलीबारी भी की और मस्जिद में जबरन घुसने की कोशिश की। जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो पथराव शुरू हो गया, जिसमें कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस ने रातभर छापेमारी करते हुए उपद्रवियों की पहचान की और अब तक एक महिला समेत 21 लोगों को हिरासत में लिया है।
हिंसा के बाद जामा मस्जिद के आसपास की गलियों में पड़े ईंट-पत्थरों को हटाने के लिए नगर पालिका की टीमें लगानी पड़ीं। इस हिंसा में सैकड़ों उपद्रवी भी घायल हुए, जो छिपकर इलाज करा रहे हैं। पुलिस उन लोगों की तलाश कर रही है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूल कल तक के लिए बंद कर दिए हैं।