बिना किसी हिचकिचाहट के मुस्कुराते हुए दोहराए दोनों नारे
सिद्धार्थनगर, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने नेटिजन्स का ध्यान अपनी ओर खींचा है। वायरल वीडियो भानवपुर ब्लॉक में आयोजित एक भंडारे का बताया जा रहा है, जिसमें एक भाजपा नेता द्वारा प्रसाद वितरण के दौरान एक मुस्लिम बुजुर्ग से धार्मिक नारे लगवाने का मामला सामने आया है।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि भाजपा नेता और भानवपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि लवकुश ओझा भंडारे में आए एक मुस्लिम बुजुर्ग को प्रसाद देने से पहले उनसे ‘जय श्रीराम’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के नारे लगाने के लिए कहते हैं।
बुजुर्ग ने मुस्कुराते हुए दोहराए नारे
वीडियो में देखा जा सकता है कि भाजपा नेता की बात सुनकर बुजुर्ग असहज होने के बजाय मुस्कुरा देते हैं। वे बिना किसी हिचकिचाहट के मुस्कुराते हुए दोनों नारे (‘जय श्रीराम’ और ‘जय श्रीकृष्ण’) दोहराते हैं। नारे लगाने के बाद भाजपा नेता लवकुश ओझा उन्हें ससम्मान प्रसाद सौंपते हैं।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद यूजर्स के बीच इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं और बहस छिड़ गई है: सोशल मीडिया पर लोगों का एक वर्ग इसे दोनों समुदायों के बीच आपसी सौहार्द और बुजुर्ग की उदारता के रूप में देख रहा है। उनका कहना है कि बुजुर्ग ने मुस्कुराकर नारे लगाए, जो इस बात का प्रतीक है कि सनातन संस्कृति और प्रसाद का सम्मान हर कोई करता है। वहीं, कुछ यूजर्स इस पर आपत्ति जता रहे हैं। उनका कहना है कि किसी भी धार्मिक आयोजन या भंडारे में प्रसाद वितरण के समय किसी व्यक्ति की आस्था या पहचान को देखकर इस तरह नारे लगाने के लिए कहना या शर्त रखना उचित नहीं है।





















