योगी सरकार ने महंगाई राहत 58% से बढ़ाकर 60% की, एक जनवरी 2026 से लागू होगा फैसला
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश सरकार ने अखिल भारतीय सेवा (AIS) के पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई राहत (डीआर) में वृद्धि का आदेश जारी किया है। योगी सरकार ने डीआर को 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया है। वित्त विभाग ने शुक्रवार को इस संबंध में कार्यालय ज्ञाप जारी करते हुए सभी विभागों और कोषागारों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
यह निर्णय भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय द्वारा 24 अप्रैल 2026 को जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुपालन में लिया गया है। केंद्र सरकार ने केंद्रीय पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों के लिए महंगाई राहत बढ़ाने का फैसला किया था, जिसे अब उत्तर प्रदेश सरकार ने भी लागू कर दिया है। नई व्यवस्था 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। बढ़ी हुई महंगाई राहत मूल पेंशन और पारिवारिक पेंशन पर देय होगी। इसका लाभ केंद्रीय पेंशनरों, रक्षा सेवा पेंशनरों, रेलवे पेंशनरों, आईएएस, आईपीएस और भारतीय वन सेवा के पेंशनरों समेत प्रोविजनल पेंशन प्राप्त करने वालों को भी मिलेगा।
सरकार के अनुसार भुगतान के दौरान रुपये के अंश को अगले पूरे रुपये में राउंड ऑफ किया जाएगा। वित्त विभाग ने सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, विभागाध्यक्षों, पेंशन निदेशालय और कोषागारों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश के हजारों अखिल भारतीय सेवा पेंशनर और पारिवारिक पेंशनर इस फैसले से लाभान्वित होंगे। सरकार का मानना है कि महंगाई राहत में वृद्धि से पेंशनरों को बढ़ती महंगाई से राहत मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
























