पुलिस को बिना बताए बाग में किया अंतिम संस्कार
हरदोई, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से ऑनर किलिंग (इज्जत के नाम पर हत्या) का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। संडीला थाना क्षेत्र के समदखेड़ा गांव में एक 19 वर्षीय युवती की उसके ही परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, जुर्म को छिपाने के लिए आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पिता, दो चाचा और चाची को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, समदखेड़ा गांव निवासी रामदयाल की 19 वर्षीय पुत्री शुभी बीती 3-4 जून की रात को बिना बताए कहीं चली गई थी। सुबह करीब 4 बजे जब वह वापस घर लौटी, तो परिजन इस बात से बेहद नाराज थे। सुबह घर लौटने पर परिजनों ने शुभी से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान बात इतनी बढ़ गई कि पिता, चाचाओं और चाची ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर चोटें आने के कारण युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
साक्ष्य मिटाने के लिए रची ‘सर्पदंश’ की झूठी कहानी
हत्या के बाद वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने खौफनाक साजिश रची। उन्होंने मृतका के शरीर पर ऐसे निशान बनाए जिससे मामला सर्पदंश (सांप के काटने) या आत्महत्या का लगे। इसके बाद पुलिस को सूचना दिए बिना, गांव के ही एक बाग में ले जाकर शव का अंतिम संस्कार कर दिया ताकि कोई सबूत न बचे। इस पूरी वारदात का खुलासा तब हुआ जब मृतका की मां मिथलेशा ने हिम्मत दिखाई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मां की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल हत्या और साक्ष्य नष्ट करने समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की कार्रवाई: चार आरोपी गिरफ्तार
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) सुबोध कुमार गौतम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया: “मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। जांच और पूछताछ के बाद घटना की परतें खुलती गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।” रामदयाल (मृतका का पिता), मुनीश (चाचा), सुरेश (चाचा), माधुरी (चाची) पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं व तथ्यों की भी गहनता से जांच की जा रही है।























