पीएम मोदी को अपने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा
ब्रातिस्लावा (स्लोवाकिया) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्लोवाकिया की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा भारत के लिए एक बड़ी कूटनीतिक और ऐतिहासिक सफलता लेकर आई है। स्लोवाकिया ने न केवल संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधारों की आवश्यकता पर बल देते हुए भारत की स्थायी सदस्यता का पुरजोर समर्थन किया है, बल्कि पीएम मोदी को अपने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से भी नवाजा है।
UNSC में सुधार और भारत की दावेदारी का मजबूत समर्थन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के बीच ब्रातिस्लावा में एक उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठक हुई। इस वार्ता के बाद जारी किए गए संयुक्त वक्तव्य में दोनों देशों ने वैश्विक संस्थाओं में बड़े बदलाव की मांग की। दोनों नेताओं ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र और सहित अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में व्यापक सुधार बेहद जरूरी हैं ताकि उन्हें अधिक प्रतिनिधित्वपूर्ण, समावेशी और मौजूदा भूराजनीतिक परिस्थितियों के अनुकूल बनाया जा सके।
संयुक्त बयान में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का विस्तार स्थायी और अस्थायी, दोनों श्रेणियों में किया जाना अत्यंत आवश्यक है। भारत ने सुरक्षा परिषद में सुधार और स्थायी सदस्य के रूप में नई दिल्ली की दावेदारी का लगातार समर्थन करने के लिए स्लोवाकिया के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। भारत लंबे समय से UNSC में स्थायी सदस्यता की मांग कर रहा है। भारत का मानना है कि वर्तमान 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद की संरचना पुरानी हो चुकी है और यह समकालीन वैश्विक वास्तविकताओं का प्रतिनिधित्व नहीं करती। गौरतलब है कि भारत की इस मांग को जी4 समूह (ब्राजील, जर्मनी और जापान) के साथ-साथ यूरोप के कई अन्य देशों का भी पूरा समर्थन प्राप्त है।
‘द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस’ से सम्मानित
स्लोवाकिया यात्रा के दौरान आयोजित एक विशेष और भव्य समारोह में स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च राजकीय सम्मान “द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस, फर्स्ट क्लास” से सम्मानित किया। यह प्रधानमंत्री मोदी को मिलने वाला 33वां अंतरराष्ट्रीय या वैश्विक सम्मान है। इस प्रतिष्ठित सम्मान को स्वीकार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह सम्मान भारत के 1.4 अरब लोगों तथा भारत और स्लोवाकिया के बीच स्थायी मैत्री संबंधों को समर्पित है। उन्होंने इसे दोनों देशों के बीच आत्मीयता, विश्वास और स्नेह का प्रमाण बताया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया गर्व
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बड़ी उपलब्धि पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए सीएम योगी ने इसे हर भारतीय के लिए गर्व का विषय बताया।
अगला पड़ाव: फ्रांस का एवियन शहर
स्लोवाकिया का सफल दौरा संपन्न करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 देशों के 52वें शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फ्रांस के एवियन शहर के लिए रवाना हो गए हैं। भारत इस वैश्विक सम्मेलन में एक भागीदार देश के रूप में हिस्सा ले रहा है, जहाँ कई अन्य महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।






















